Sunday, January 6, 2019

502.आँख मारे... ये लड़का..आँख मारे।

आँख मारे... ये लड़का..आँख मारे।
©#पंकजप्रियम

छोरा बिगड़ गया है। खूब टकाटक आँखमारी कर रहा है। ये सीमापार की गोलीबारी से भी अधिक भारी पड़ रही है। इन दिनों सिम्बा का  गाना-आँख मारे... ये लड़का..आँख मारे खूब चल रहा तो भला एक कुँवारे की आँख क्यों नहीं चले?हो भी क्यों न,इतनी उम्र में कुंवारा जो बैठा है बेचारा। लेकिन संसद की गरिमा का तो ख्याल रखना चाहिए। अरे हाँ! ई लड़का तो 10 जनपथ का युवराज है तो आँख सड़क पर थोड़े न मारेगा, सदन से कम क्या चलेगा! एक बार प्रधानमंत्री के गले पड़ने के बाद आँख मारी उसको लेकर खूब हंगामा मचा और अब राफेल को लेकर चल रहे बहस के दौरान आँख मारी की है। लाख टके का सवाल तो ये है कि संसद में आँख किसको मारता है। कौन है वो खुशनसीब ? जांच का विषय है। वैसे बढ़िया है,कोई तो है जो फुलडोज इंटरटेनमेंट करा रहा है। लालू जी की भरपाई तो किसी को करनी चाहिए कि नहीं।

     आँख मारने से याद आया अपने झारखण्ड में भी एक सीनियर आईएएस अधिकारी हैं जो खूब टकाटक आँख मारते हैं। अगर राहुल से टक्कर दे दी जाय मिनटों में पटखनी दे देंगे।
   वैसे आँख मारने की घटना कोई नई नहीं है। बाबा रामदेव की भी आँख खूब चलती है। हालांकि ये उनकी शारीरिक समस्या है। पिछले दिनों मलयालम की हीरोइन प्रिया प्रकाश वारियर ने एक आँख मार कर रातों रात सनसनी गर्ल बन गयी और कुँवारे तो कुँवारे बीबी बच्चे वाले और बूढ़े भी दिल हार बैठे। राहुल-वारियर और रामदेव-वारियर की ऑंखमारी वीडियो वायरल होने लगी।

    देखा जाय तो आँख मारना कोई अपराध नहीं लेकिन लोग इसे गलत नजरिये से देखते हैं। खासकर लड़का किसी लड़की को आँख मार दे। स्कूल की एक घटना याद आ गयी। तीसरी हाई स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ रहा था। हमारे स्कूल में बंगाली सर थे,बड़े सीधे-साधे कभी किसी को डाँटते या मारते नहीं देखा। एक दिन क्लास में आते ही एक लड़के को उठाया और पीटना शुरू कर दिया। पूरा क्लास स्तब्ध ! बंगाली सर उस लड़के पर चीख रहे थे चिल्ला रहे थे। उसने क्लास की ही एक लड़की को आँख मारने की हिमाकत कर दी थी। भरी क्लास में कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई। उसके बाद उस लड़के ने स्कूल की किसी लड़की की तरफ आँख उठाकर भी नहीं देखा। उस वक्त मुझे बहुत समझ नहीं थी लेकिन उस घटना ने मेरे दिलोदिमाग में आँख मारी को बड़े अपराध में अंकित कर दिया।

©पंकज प्रियम

No comments: